देश में 12 साल बाद सामान्य से 4 फीसदी ज्यादा हुई बारिश
यूपी में बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है|
राज्य के 17 जिलों में बाढ़ आ गई है| लखनऊ, अयोध्या और अंबेडकरनगर में 12वीं तक के सभी स्कूल बंद हैं| पिछले 24 घंटे के दौरान, राज्य में बारिश से 12 लोगों की मौत हो चुकी है|
नयी दिल्ली : पूरे देश में 12 साल बाद अब तक सामान्य से 4 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है| यूपी में बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है| राज्य के 17 जिलों में बाढ़ आ गई है| लखनऊ, अयोध्या और अंबेडकरनगर में 12वीं तक के सभी स्कूल बंद हैं| पिछले 24 घंटे के दौरान, राज्य में बारिश से 12 लोगों की मौत हो चुकी है| वाराणसी और प्रयागराज में गंगा का पानी एक लाख से अधिक घरों में घुस गया है| गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है| वाराणसी में सभी 84 घाट डूब चुके हैं| प्रयागराज में सड़कों पर नावें चल रही हैं| हजारों लोगों ने घर छोड़ दिया है| मध्य प्रदेश में कई इलाकों में भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं| राज्य में 16 जून को मानसून की एंट्री के बाद से जुलाई तक, बाढ़ के दौरान हुए हादसों में अब तक 275 लोगों की जान जा चुकी है| सरकार ने विधानसभा में यह आंकड़े बताए हैं|
बिहार में पिछले 24 घंटे में बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई| राज्य में पटना समेत सभी 38 जिलों में बारिश का अलर्ट कर दिया गया है| इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है| निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार, इस साल देश में 12 साल बाद लगातार दो महीने सामान्य से 4.1% ज्यादा बारिश हुई| जून में 9% तो जुलाई में 5% ज्यादा बारिश हुई| 2013 के बाद यह पहला मौका है, जब जून और जुलाई में लगातार सामान्य से ज्यादा बारिश हुई|