प्रधानमंत्री बनने से पहले सीएम रह चुके ये नेता, जानें पीएम मोदी के अलावा लिस्ट में कौन-कौन से नाम?

प्रधानमंत्री बनने से पहले सीएम रह चुके ये नेता, जानें पीएम मोदी के अलावा लिस्ट में कौन-कौन से नाम?

राजनीति में सीएम से पीएम तक का सफर आसान नहीं है. भारत में कई नेताओं की कहानियां बताती हैं कि क्षेत्रीय स्तर पर जनता का भरोसा जीतकर ही राष्ट्रीय राजनीति में जगह बनाई जा सकती है.

भारत की राजनीति में कई ऐसे नेता रहे हैं जिन्होंने राज्य की सत्ता संभालने के बाद सीधे देश की कमान अपने हाथ में ली। अब तक देश को 14 प्रधानमंत्री मिले हैं, जिनमें से 6 पहले किसी न किसी राज्य के मुख्यमंत्री रहे। मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इन्हीं में शामिल हैं, जिन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखा और फिर प्रधानमंत्री बने।

मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक का सफर
  • एच.डी. देवगौड़ा – 1996 में जब किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला, तब संयुक्त मोर्चा के समर्थन से कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे एच.डी. देवगौड़ा को प्रधानमंत्री चुना गया। उन्होंने 31 मई को मुख्यमंत्री पद छोड़ा और अगले ही दिन यानी 1 जून को देश के 11वें प्रधानमंत्री बने।

  • मोरारजी देसाई – आज़ादी के बाद बॉम्बे राज्य के पहले मुख्यमंत्री मोरारजी देसाई थे, जिन्होंने 1952 से 1956 तक यह पद संभाला। लगभग दो दशक बाद, 1977 में वह देश के पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बने। हालांकि, आंतरिक खींचतान और अस्थिरता के चलते उनकी सरकार केवल ढाई साल ही चल पाई।

  • चौधरी चरण सिंह – किसानों के नेता माने जाने वाले चौधरी चरण सिंह उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे। गठबंधन की राजनीति के बीच वह प्रधानमंत्री तो बने, लेकिन उनका कार्यकाल बहुत छोटा रहा।

  • वी.पी. सिंह – उत्तर प्रदेश के 12वें मुख्यमंत्री वी.पी. सिंह ने 1980 से 1982 तक राज्य की सत्ता संभाली। बाद में बोफोर्स घोटाले के कारण कांग्रेस से अलग होकर जनता दल से जुड़े और 1989 में प्रधानमंत्री बने।

  • पी.वी. नरसिम्हा राव – आंध्र प्रदेश के चौथे मुख्यमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव 1971 से 1973 तक राज्य की राजनीति के मुखिया रहे। बाद में वे 1991 में देश के नौवें प्रधानमंत्री बने और आर्थिक उदारीकरण की मजबूत नींव रखी।

  • नरेंद्र मोदी – गुजरात के लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नरेंद्र मोदी ने 2001 से 2014 तक लगातार चार बार मुख्यमंत्री पद संभाला। 2014 में वह प्रधानमंत्री बने और अब तक लगातार तीन कार्यकाल जीत चुके हैं। उन्होंने 2024 में भी ऐतिहासिक जीत दर्ज की और प्रधानमंत्री पद पर बने रहे।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News