निपाह का सोर्स अभी भी पता नहीं
राज्य ने कहा-दो संक्रमित नर्सों की सेहत में हो रहा है सुधार
निज संवाददाता : रिसर्च चल रही है। सोर्स अभी भी पता नहीं है। यह बात स्वास्थ्य राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने निपाह वायरस के बारे में कही। उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य सचिव एनएस निगम के साथ स्वास्थ्य भवन में पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा-राज्य सरकार ने निपाह को लेकर सभी तरह के सख्त कदम उठाए हैं। अस्पतालों को भी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। चिंता की कोई बात नहीं है।
दूसरी ओर, स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि दो संक्रमित नर्सों में से एक की हालत में काफी सुधार हुआ है। दूसरी में थोड़ा सुधार हुआ है। दोनों पर राज्य के क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट और इन्फेक्शियस डिजीज स्पेशलिस्ट रेगुलर निगरानी कर रहे हैं। गौरतलब है कि निपाह से संक्रमित दो नर्सों का बारासात के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके संपर्क में आए सभी लोगों को क्वारंटाइन में रखा गया है। स्वाब टेस्ट किए गए हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के मुताबिक, सभी रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं। हालांकि, दोनों नर्सों को इंफेक्शन कैसे हुआ, इसका सोर्स अब पता नहीं है। पुणे से एक सेंट्रल डेलीगेशन ने सोर्स का पता लगाने के लिए राज्य में चमगादड़ों की टेस्टिंग शुरू कर दी है। सर्वे मध्यमग्राम से शुरू हो चुका है। लेकिन अच्छी बात यह है कि अभी तक किसी भी चमगादड़ के शरीर में निपाह नहीं मिला है। सभी आरटीपीसीआर रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं।
