एशिया कप में IND vs PAK मैच का बहिष्कार नहीं करने पर पहली बार BCCI ने तोड़ी चुप्पी
एशिया कप 2025 का आयोजन 9 सितंबर से शुरू होगा
IND vs PAK Asia Cup 2025 : क्रिकेट एशिया कप में भारत ने फैसला किया कि वह पाकिस्तान के साथ मैच का बहिष्कार नहीं करेंगे. अब इस पर पहली बार BCCI की प्रतिक्रिया सामने आई है.
नई दिल्ली। एशिया कप 2025 का आयोजन 9 सितंबर से शुरू होगा. भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं, दोनों के बीच 14 सितंबर को मैच होना है. पहले माना जा रहा था कि टीम इंडिया इस मैच का बहिष्कार कर सकती है, लेकिन भारत सरकार के निर्णय के बाद साफ हो गया है कि 14 सितंबर को ये मैच होगा. हालांकि कई लोग इस फैसले के खिलाफ भी हैं. इस पर बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया की तरफ से बड़ा बयान आया है.
एनडीटीवी के साथ बातचीत में सैकिया ने कहा, क्रिकेट या किसी भी अन्य खेल में भारतीय टीम के शामिल होने को लेकर केंद्र सरकार के खेल विभाग ने दिशानिर्देश और नीतियां निर्धारित की हैं. नीति बनाते समय, मुझे विश्वास है कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्तर पर खेल महासंघों की मदद के लिए दिशानिर्देश तैयार करने में बहुत सावधानी से निर्णय लिया है. इसके अनुसार, हम किसी भी मल्टीटीम टूर्नामेंट में भागीदारी के बारे में निर्णय ले सकते हैं.
बहिष्कार करने के बाद हो सकता है एक्शन
देवजीत सैकिया ने बताया कि क्यों खेल जगत में पाकिस्तान का पूर्ण बहिष्कार संभव नहीं है. उन्होंने बताया कि मल्टीटीम टूर्नामेंट में पाकिस्तान के साथ खेलने से मना करने के बाद एशियाई क्रिकेट परिषद या आईसीसी सख्त एक्शन ले सकती है. इसके आलावा उन्हें लगता है कि ये युवा खिलाड़ियों के भविष्य के लिए भी सही नहीं रहेगा.
सैकिया ने कहा, केंद्र सरकार ने महासंघों के हितों के साथ-साथ प्लेयर्स की चिंताओं के साथ-साथ सभी कारकों को ध्यान में रखा है. यदि कोई मल्टीटीम टूर्नामेंट हो और कोई टीम उसमें भाग नहीं लेती है, तो किसी विशेष महासंघ पर बैन भी लग सकता है. ऐसी स्थिति में युवा खिलाड़ियों और उनका करियर बर्बाद हो जाएगा.
पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलती टीम इंडिया
पिछले कई सालों से भारत पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेल रही है. हाल ही में भारत सरकार ने साफ किया कि भारत किसी भी खेल में पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलना जारी रखेगी, लेकिन मल्टीटीम टूर्नामेंट में टीम इंडिया पाकिस्तान के साथ खेलेगी.
3 बार हो सकती है भारत-पाकिस्तान भिड़ंत
एक ही ग्रुप में होने के चलते भारत और पाकिस्तान का एक मैच तय है, जो 14 सितंबर को होगा. पूरी संभावना है कि दोनों सुपर-4 में जगह बनाएंगी, ऐसे में 21 सितंबर को एक बार फिर इन दोनों के बीच मैच हो सकता है. अगर दोनों फाइनल में पहुंची तो एशिया कप 2025 में भारत बनाम पाकिस्तान कुल 3 मैच हो जाएंगे.
Related Posts
About The Author
करीबन तेरह वर्ष पहले हमने अपनी यात्रा शुरू की थी। पाक्षिक के रूप में गंभीर समाचार ने तब से लेकर अब तक एक लंबा रास्ता तय किया। इस दौरान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई तरह के परिवर्तन घटित हो चुके हैं जिनका हमारे जीवन पर काफी प्रभाव पड़ा। इसी तरह पत्रकारिता के क्षेत्र में भी कई उतार-चढ़ाव आए हैं। सोशल व डिजिटल मीडिया के इस दौर में प्रिट में छपने वाले अखबारों व पत्रिकाओं पर संकट गहरा रहे हैं। बावजूद इसके हमारा मानना है कि प्रिंट मीडिया की अहमियत कम नहीं हुई है। और इसी विश्वास के साथ हमने अपनी निरंतरता जारी रखी है। अब हम फिर से नए कलेवर व मिजाज के साथ आपके सामने हाजिर हुए हैं।
