लिटन दास ने एशिया कप से पहले रचा कमाल
शाकिब को पीछे छोड़ बने बांग्लादेश के नंबर-1 बल्लेबाज़।
एशिया कप से ठीक पहले लिटन दास की अगुआई में बांग्लादेश ने नीदरलैंड को टी20 सीरीज़ में 2-0 से मात दी, जहां कप्तान ने अंतिम मैच में 73 रन की शानदार पारी खेली।
बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने बुधवार को नीदरलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 73 रनों की पारी खेली। हालांकि बारिश के कारण यह मुकाबला पूरा नहीं हो सका और रद्द कर दिया गया। इसके बावजूद बांग्लादेश ने तीन मैचों की इस सीरीज़ को 2-0 से अपने नाम किया। यह पारी न सिर्फ लिटन के आत्मविश्वास को बढ़ाएगी, बल्कि एशिया कप 2025 से पहले उनके लिए बड़ा मनोबल भी साबित होगी। इस पारी के दौरान उन्होंने शाकिब अल हसन का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया।
मैच का हाल
तीसरे टी20 में नीदरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी। बांग्लादेश के लिए लिटन दास ने सैफ हसन के साथ पारी की शुरुआत की और 46 गेंदों पर 73 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 158.70 रहा। उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के जड़े। जब 18.2 ओवर तक बांग्लादेश का स्कोर 164/4 था, तभी बारिश आ गई और मैच दोबारा शुरू नहीं हो पाया।
लिटन दास बने नंबर-1
इस अर्धशतक के साथ लिटन दास बांग्लादेश के लिए टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड शाकिब अल हसन के नाम था, जिन्होंने 127 पारियों में 13 अर्धशतक लगाए थे। अब लिटन दास 14 अर्धशतकों के साथ सूची में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।
लिटन के करियर पर नज़र डालें तो उन्होंने अब तक 110 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों में 2437 रन बनाए हैं, जिसमें 235 चौके और 77 छक्के शामिल हैं।
दुनिया में कौन है टॉप?
अंतर्राष्ट्रीय टी20 में सबसे अधिक बार 50+ रन बनाने के मामले में भारत के विराट कोहली और पाकिस्तान के बाबर आज़म संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। दोनों ने 39-39 बार अर्धशतक या उससे अधिक का स्कोर बनाया है। तीसरे स्थान पर भारत के कप्तान रोहित शर्मा हैं, जिनके नाम 37 बार 50+ का स्कोर है। इनके बाद पाकिस्तान के मोहम्मद रिज़वान (31 बार) और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर (29 बार) का नाम आता है।
गौरतलब है कि विराट कोहली पहले ही टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जबकि बाबर आज़म इस समय पाकिस्तान टीम से बाहर चल रहे हैं और उन्हें एशिया कप 2025 के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया है।
एशिया कप 2025 में बांग्लादेश
एशिया कप 2025 में बांग्लादेश को ग्रुप बी में रखा गया है, जहां उनके साथ अफगानिस्तान, श्रीलंका और हांगकांग की टीमें हैं। दूसरी ओर, ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, ओमान और यूएई शामिल हैं। बांग्लादेश अपना पहला मुकाबला 11 सितंबर को हांगकांग के खिलाफ खेलेगा।
