ख़ुशी का पल गम में
बेंगलुरु भगदड़ पर 3 महीने बाद विराट कोहली ने तोड़ी चुप्पी
विराट कोहली ने बेंगलुरु भगदड़ की घटना पर तीन महीने बाद पहली बार प्रतिक्रिया दी है। कोहली ने इस हादसे को दिल तोड़ने वाला बताया।
नई दिल्ली। विराट कोहली ने बेंगलुरु भगदड़ की घटना पर तीन महीने बाद पहली बार प्रतिक्रिया दी है। कोहली ने इस हादसे को दिल तोड़ने वाला बताया। उन्होंने कहा कि जो क्षण हमारी टीम के इतिहास का सबसे खुशी का पल होना चाहिए था, वह एक त्रासदी में बदल गया। यह ऐसा दिन था, जिसे कोई भी देखना नहीं चाहेगा।
भारत और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के स्टार बल्लेबाज़ विराट ने कहा कि आईपीएल खिताब जीतने का दिन उनकी टीम के लिए सबसे बड़ी खुशी का अवसर था, लेकिन यह जश्न 11 लोगों की मौत के बाद ग़मगीन हो गया।
आरसीबी ने 18 साल में पहली बार आईपीएल (आईपीएल) खिताब जीता था। इसके बाद एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जश्न के लिए लगभग ढाई लाख प्रशंसक इकट्ठा हुए। भीड़ अधिक होने से वहाँ भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए।
विराट कोहली ने आरसीबी के एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर लिखा –
“आप कभी भी इस तरह की दिल तोड़ने वाली घटना का सामना नहीं करना चाहेंगे। हमारी टीम के इतिहास का यह सबसे खुशी का दिन होना चाहिए था, लेकिन यह एक दुखद हादसे में बदल गया। मैं अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों और घायल हुए प्रशंसकों के बारे में लगातार सोचता हूँ और प्रार्थना करता हूँ। आपकी क्षति अब हमारी कहानी का हिस्सा है। हम सभी मिलकर सावधानी, सम्मान और ज़िम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेंगे।”
