टीम इंडिया दुबई के लिए रवाना
9 सितंबर से खेला जाएगा क्रिकेट एशिया कप, भारत का पहला मैच UAE से
भारतीय क्रिकेट टीम गुरुवार को एशिया कप 2025 में भाग लेने के लिए दुबई रवाना हो गई। यात्रा के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव, हेड कोच गौतम गंभीर और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को मुंबई एयरपोर्ट पर देखा गया।
यह टूर्नामेंट 9 सितंबर से 28 सितंबर तक खेला जाएगा। भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को UAE से, दूसरा 14 सितंबर को पाकिस्तान से और तीसरा 19 सितंबर को ओमान से होगा। हालांकि इस बार एशिया कप की मेजबानी भारत को मिली है, लेकिन भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण राजनीतिक संबंधों के कारण इसे न्यूट्रल वेन्यू यानी दुबई में आयोजित किया जा रहा है।
टूर्नामेंट का प्रारूप
-
ग्रुप-ए: भारत, पाकिस्तान, ओमान और UAE
-
ग्रुप-बी: श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हांगकांग
दोनों समूहों की सभी टीमें आपस में एक-एक मैच खेलेंगी। इसके बाद शीर्ष टीमें सुपर-4 और फाइनल में जगह बनाएंगी।
पिछला एशिया कप (2023)
एशिया कप 2023 की मेजबानी पाकिस्तान को मिली थी। लेकिन भारत ने सुरक्षा कारणों से वहां खेले जाने से इनकार कर दिया था। तब टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल में हुआ, जिसमें भारत के सभी मुकाबले श्रीलंका में आयोजित किए गए। फाइनल में भारत ने श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था।
एशिया कप का इतिहास
इस टूर्नामेंट की शुरुआत 1984 में हुई थी और अब तक कुल 16 बार खेला जा चुका है। भारत सबसे सफल टीम रही है जिसने 8 बार खिताब अपने नाम किया, जबकि श्रीलंका 6 बार और पाकिस्तान 2 बार चैंपियन बना है।
