एशिया कप 2025: डगआउट तक सिमट सकते हैं ये 5 खिलाड़ी, जानिए वजह
यूएई में 9 सितंबर से शुरू हो रहे एशिया कप 2025 में कई खिलाड़ियों को टीम स्क्वॉड में जगह तो मिली है, लेकिन उनके मैदान पर उतरने की उम्मीद बेहद कम है। जानिए कौन हैं वो पांच क्रिकेटर जो पूरे टूर्नामेंट में बेंच पर ही बैठे रह सकते
एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर से यूएई में होगा। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, ओमान, हॉन्गकॉन्ग और मेजबान यूएई की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। हालांकि मैदान पर 11 खिलाड़ी ही उतरते हैं, लेकिन कई बार डगआउट में बैठे क्रिकेटरों को पूरे टूर्नामेंट एक भी मैच नहीं खेलने का मौका नहीं मिलता। इस बार भी पांच ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके साथ यही स्थिति हो सकती है।
नुरुल हसन – बांग्लादेश
बांग्लादेश टीम ने अनुभवी विकेटकीपर नुरुल हसन को स्क्वॉड में शामिल किया है, लेकिन कप्तान लिटन दास पहले से ही विकेटकीपिंग कर रहे हैं। ऐसे में नुरुल का प्लेइंग इलेवन में आना मुश्किल है। 2022 के बाद से उन्होंने केवल एक टी20 खेला है।
हसन अली – पाकिस्तान
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली की वापसी चौंकाने वाली थी, लेकिन उनका टी20 रिकॉर्ड प्रभावशाली नहीं है। उनकी इकोनॉमी रेट 9 से अधिक रही है। शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ जैसे गेंदबाजों की मौजूदगी में उनके खेलने की संभावना बेहद कम है।
हर्षित राणा – भारत
भारतीय टीम के पास पहले से ही जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह जैसे मुख्य तेज गेंदबाज मौजूद हैं। हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे भी गेंदबाजी विकल्प देते हैं। ऐसे में युवा हर्षित राणा को मौका मिलना लगभग नामुमकिन है। उन्होंने अब तक सिर्फ एक टी20 इंटरनेशनल सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के रूप में खेला है।
दरवेश रसूली – अफगानिस्तान
अफगानिस्तान के बल्लेबाज दरवेश रसूली अभी तक इंटरनेशनल टी20 में प्रभावित नहीं कर पाए हैं। 12 मैचों में उन्होंने केवल 149 रन बनाए हैं। उनकी औसत 15 और स्ट्राइक रेट 112 है, जो काफी निराशाजनक है। यही कारण है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलना मुश्किल है।
चमिका करुणारत्ने – श्रीलंका
श्रीलंका के ऑलराउंडर चमिका करुणारत्ने का हालिया प्रदर्शन कमजोर रहा है। पिछले दो सालों में उन्होंने केवल दो टी20 खेले और कोई विकेट नहीं लिया। टीम के पास बेहतर गेंदबाजी विकल्प मौजूद हैं, इसलिए उनके खेलने की संभावना बेहद कम है।
