अमेरिका के मशहूर जज फ्रैंक कैप्रियो का निधन
अमेरिका के मशहूर जज फ्रैंक कैप्रियो का बुधवार को निधन हो गया| वे 88 साल के थे|
वॉशिंगटन : अमेरिका के मशहूर जज फ्रैंक कैप्रियो का बुधवार को निधन हो गया| वे 88 साल के थे| कैप्रियो लंबे समय से पैंक्रियाटिक कैंसर से लड़ रहे थे| उनके परिवार ने इंस्टाग्राम पर उनकी मौत की जानकारी दी| कैप्रियो अपने कोर्ट शो कॉट इन प्रोविडेंस से दुनियाभर में मशहूर हुए| यह शो 2018 से 2020 तक चला और कई डेटाइम एमी अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेट हुआ| उनकी दया और इंसानियत भरे फैसलों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं| उन्होंने कई बार गरीब परिवारों के चालान माफ किए और लोगों को हौसला बढ़ाया|
जज फ्रैंक कैप्रियो के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं| उनके इंस्टाग्राम पर उनके 34 लाख फॉलोअर्स हैं| उनके वीडियो को ऑनलाइन अरबों बार देखा गया| कैप्रियो ने रविवार को ही इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया था| उन्होंने कहा था कि उनकी तबीयत बिगड़ गई है और वे फिर से अस्पताल में हैं| उन्होंने लोगों से प्रार्थना करने की अपील की थी| कैप्रियो को लोग दुनिया का सबसे दयालु जज कहते थे| उनका मानना था कि न्याय में दया और इंसानियत जरूर होनी चाहिए| कैप्रियो का जन्म अमेरिका के रोड आइलैंड में हुआ था| रोड आइलैंड के गवर्नर डैन मैकी ने उन्हें राज्य का असली खजाना बताया| राज्य में उनके सम्मान में झंडे आधे झुका दिए गए हैं|
उन्होंने लंबे समय तक म्युनिसिपल जज के तौर पर काम किया| 2023 में उन्होंने खुद बताया था कि उन्हें कैंसर है| इलाज के दौरान वे लगातार लोगों से जुड़े रहे और अपडेट देते रहे| कैप्रियो पारिवारिक जीवन में भी बेहद समर्पित थे| परिवार ने कहा कि वे एक अच्छे पति, पिता, दादा और परदादा के रूप में याद किए जाएंगे| कैप्रियो की दयालुता और इंसानियत की मिसाल हमेशा याद रखी जाएगी|