रूस में भूकंप से मची, तबाहीघरों-इमारतों को हुआ नुकसान
अमेरिका-जापान समेत 12 देशों में सुनामी का अलर्ट
रूस के कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार की सुबह 8.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया| अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, इसका केंद्र जमीन से 19.3 किलोमीटर की गहराई में था|
टोक्यो/मॉस्को : रूस के कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार की सुबह 8.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया| अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, इसका केंद्र जमीन से 19.3 किलोमीटर की गहराई में था| भारतीय समयानुसार यह भूकंप सुबह 4:54 बजे दर्ज किया गया| रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप के बाद कामचटका के तटीय इलाकों में करीब 4 मीटर ऊंची सुनामी लहरें उठीं| इस भूकंप से कई इमारतों और घरों को नुकसान पहुंचा है| एक किंडरगार्टन स्कूल भी क्षतिग्रस्त हुआ है| कुछ घरों की छतें गिर गईं, जिसके चलते लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया| भूकंप के बाद स्थिति को देखते हुए जापान, अमेरिका, चीन समेत 12 देशों (कनाडा, इक्वाडोर, पेरू, मेक्सिको, न्यूजीलैंड और प्रशांत द्वीप समूह, चीन, फिलीपींस, ताइवान, इंडोनेशिया) के कई तटीय इलाकों में भी सुनामी की चेतावनी जारी की गई है| स्थानीय प्रशासन ने आपदा राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं|
रूस के कामचटका में भूकंप से एक किंडरगार्टन स्कूल की दीवार ढह गई| हालांकि, हादसे में किसी बच्चे को चोट नहीं आई| एक एयरपोर्ट पर लोगों में अफरा-तफरी मच गई| रूस के उत्तरी तट पर भूकंप से नुकसान पहुंचा| कई पेड़ गिर गए| जापान के चीबा प्रांत के सोसा शहर में कुजुकुरी तट पर लहरें टकराती नजर आईं| रूस के कुरील द्वीप समूह के सेवेरो-कुरीलस्क के तटीय क्षेत्र में भूकंप के बाद सुनामी आई| कामचटका के सेवेरो-कुरीलस्क शहर में बंदरगाह को भारी नुकसान पहुंचा है|