उस्मान हादी के भाई ने यूनुस सरकार पर लगाया आरोप
चुनाव रोकने के लिए करवाई हत्या’
निज संवाददाता : बांग्लादेश में छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। हादी को ढाका में सिर में गोली मारी गई थी, जिससे उनका निधन हो गया। अब उनके भाई ने मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के एक धड़े पर आरोप लगाया है कि उन्होंने फरवरी में होने वाले राष्ट्रीय चुनाव को बाधित करने के लिए इस हत्या की साजिश रची।
शरीफ उस्मान हादी, इंकलाब मंच के प्रवक्ता थे। यह एक सांस्कृतिक संगठन है जो पिछले साल के विरोध प्रदर्शन के दौरान उभरा था। इस प्रदर्शन के चलते ही शेख हसीना को सत्ता से हटाया गया। हादी की हत्या के बाद बांग्लादेश में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए, जिसमें भीड़ ने प्रमुख समाचार पत्रों और सांस्कृतिक संगठनों के कार्यालयों को निशाना बनाया।
उस्मान हादी के भाई, शरीफ उमर हादी ने शाहबाग में विरोध प्रदर्शन के दौरान सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा-आपने उस्मान हादी की हत्या करवा दी और अब आप इस मुद्दे का इस्तेमाल करके चुनाव को टालने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अंतरिम सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भाई ने फरवरी तक राष्ट्रीय चुनाव कराने की इच्छा जताई थी।
उमर ने कहा कि हत्यारों के खिलाफ तुरंत मुकदमा चलाया जाना चाहिए ताकि चुनावी माहौल प्रभावित न हो। उन्होंने चेतावनी दी-अगर उस्मान हादी के लिए न्याय नहीं दिया गया, तो एक दिन आपको भी बांग्लादेश छोड़ना पड़ेगा। उमर का इशारा शेख हसीना की तरफ था, जो पिछले साल विरोध प्रदर्शनों के बाद भारत चली गईं। उमर ने आरोप लगाया कि उनके भाई को इसलिए मारा गया क्योंकि उन्होंने किसी एजेंसी या 'विदेशी मालिकों' के सामने नहीं झुकने का फैसला किया था।
द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, इंकलाब मंच के सदस्य सचिव अब्दुल्ला अल जाबेर ने कहा कि उस्मान की हत्या जुलाई में हुए विरोध-प्रदर्शन की उपलब्धियों और बांग्लादेश की संप्रभुता को नष्ट करने की 'गहरी साजिश' का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय खुफिया एजेंसियों और देश में काम करने वाले 'फासीवादी सहयोगियों' ने इस हत्या में भाग लिया। जाबेर ने सरकार से मांग की है कि हत्यारों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तय समय में जनता के सामने पेश किया जाए, अन्यथा उनका विरोध और तेज होगा।
