इंडोनेशिया में भूस्खलन से दो की मौत, 21 लापता, बचाव अभियान जारी
जावा : इंडोनेशिया के जावा द्वीप में भारी बारिश से भूस्खलन हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 21 लापता हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट में अधिकारियों ने शुक्रवार को जानाकारी देते हुए बताया कि बचाव दल लापता लोगों की तलाश कर रहा है। क्षेत्र में कई दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते केंद्रीय जावा प्रांत के तीन गांवों में दर्जनों घर प्रभावित हुए हैं। एनडीएमए के प्रवक्ता ने कहा कि भूस्खलन वाले इलाके में गोल्डन ऑवर के दौरान बचाव दल के लिए खोज करना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद, संयुक्त टीम ने शुक्रवार सुबह बचाव अभियान जारी रखा। उन्होंने बताया कि अभियान की गति तेज करने के लिए भारी उपकरण तैनात किए गए हैं। राष्ट्रीय खोज और बचाव एजेंसी द्वारा जारी वीडियो में बचावकर्मी मलबे में दबे लोगों की तलाश करते नजर आए। बचावकर्मी कठिन क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए भारी उपकरण, निकासी उपकरण और हाथ के औजारों का इस्तेमाल कर रहे हैं। अक्टूबर से मार्च के बीच भारी मौसमी बारिश इंडोनेशिया में अक्सर बाढ़ और भूस्खलन का कारण बनती है। यह 17,000 द्वीपों वाला देश है, जहां लाखों लोग पहाड़ी क्षेत्रों या उपजाऊ बाढ़ मैदानों के पास रहते हैं। जनवरी में भी केंद्रीय जावा प्रांत में तेज बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन में 20 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।
