शादी का वादा कर संबंध बनाने का आरोप
भाजपा नेता के घर के सामने युवती का धरना
मुर्शिदाबाद जिले के खगराग्राम के देसलपुर इलाके में मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया जब एक युवती भाजपा नेता के घर के सामने धरने पर बैठ गई।
निज संवाददाता : मुर्शिदाबाद जिले के खगराग्राम के देसलपुर इलाके में मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया जब एक युवती भाजपा नेता के घर के सामने धरने पर बैठ गई। युवती का आरोप है कि नेता ने शादी का वादा कर उससे संबंध बनाए और अब लगातार अनदेखी कर रहा है।
धरने पर बैठी युवती का कहना है कि भाजपा नेता आदित्य मलिक से उसका कई सालों से संबंध था। समय के साथ नजदीकियाँ बढ़ीं और उसने शादी का भरोसा दिलाया। लेकिन बाद में नेता ने दूरी बना ली। युवती का दावा है कि अब वह समाज से सम्मान और "पत्नी का अधिकार" चाहती है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आदित्य मलिक ने 2021 में खगराग्राम विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। भले ही वे चुनाव में जीत नहीं पाए, लेकिन इलाके में सक्रिय नेता के तौर पर उनकी पहचान है।
धरने के दौरान युवती अपनी और नेता की कई तस्वीरें लेकर घर के बाहर बैठी रही। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए और मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। वहीं, आदित्य मलिक और उनके परिवार की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
युवती का कहना है कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलता, तब तक वह धरना जारी रखेगी। मामला इलाके में चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है।
