बंगाल की नई सरकार में सीएम के साथ डिप्टी सीएम का भी होगा पद
निज संवाददाता : बंगाल में बीजेपी ने प्रचंड जीत के बाद अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसी के साथ विधायक दल के नेता को चुनने की भी प्रकिया शुरू कर दी गई है। बीजेपी नेतृत्व ने गृह मंत्री अमित शाह को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी बतौर सह-पर्यवेक्षक बंगाल जाएंगे। मुख्यमंत्री की दौड़ में ममता बनर्जी के पुराने सहयोगी रहे शुभेंदु अधिकारी को सबसे आगे माना जा रहा है। उन्होंने ममता बनर्जी को दूसरी बार हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की है, लेकिन 15 साल तक राज्य की कमान महिला मुख्यमंत्री के हाथों में रहने के बाद बीजेपी के सामने एक अलग चुनौती है। चर्चा है कि बीजेपी गुजरात से लेकर यूपी, बिहार, ओडिशा वाले फॉर्मूले को लागू कर सकती है। बीजेपी सीएम के साथ डिप्टी सीएम बनाएगी। ऐसे में किसी महिला को डिप्टी मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
पश्चिम बंगाल में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण 9 मई को होगा। यह दिन बेहद खास है। 9 मई को रवींद्रनाथ टैगोर की 164वीं जयंती है। बंगाल में लगभग 50 साल बाद ऐसा होगा जब केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होगी। ऐसा कांग्रेस के समय पर हुआ था। सिद्धार्थ शंकर रे बंगाल में कांग्रेस के आखिरी सीएम थे। वह मार्च, 1972 से अप्रैल, 1977 तक सीएम रहे। उस वक्त पर केंद्र की सत्ता कांग्रेस के पास थी। तब से ऐसा कभी नहीं हो पाया। पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजों में बीजेपी को 293 सीटें में 207 पर जीत हासिल हुई है, जबकि टीएमसी के खाते में सिर्फ 80 सीटें आई हैं। इन चुनावों में कांग्रेस और लेफ्ट का भी खाता खुला है। उन्हें दो-दो सीटें मिली हैं। पिछले चुनावों में दोनों पार्टियां शून्य पर सिमट गई थीं।
बंगाल के बारे में खास बात
बंगाल में अभी तक सिर्फ आठ नेताओं को सीएम बनने का मौका मिला है।
• ममता बनर्जी अकेली महिला हैं जिन्होंने राज्य में मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली।
• पश्चिम बंगाल राज्य में अभी तक कोई भी डिप्टी सीएम नहीं बना है।
• अगर बीजेपी सीएम के साथ डिप्टी सीएम बनाती है तो यह पहला प्रयोग होगा।
गुजरात में बीजेपी ने भूपेंद्र पटेल को सीएम और हर्ष संघवी को डिप्टी सीएम बनाया है। इसी तरह से बिहार में मुख्यमंत्री कुर्सी पर सम्राट चौधरी हैं और दो डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव जेडीयू से है। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सीएम है जबकि केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक डिप्टी सीएम हैं। राजस्थान में बीजेपी ने डिप्टी सीएम का प्रयोग किया है। यहां भजनलाल शर्मा सीएम है तो दीया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा डिप्टी सीएम हैं।
ओडिशा में भी बीजेपी 1 सीएम और दो डिप्टी सीएम का प्रयोग किया है। यहां पर मोहन माझी सरकार के मुखिया हैं। कनक वर्धन सिंह देव और प्रवती परिदा डिप्टी सीएम है। परिदा राज्य की पहली डिप्टी सीएम हैं। महाराष्ट्र में भी 1 सीएम और दो डिप्टी सीएम का फॉर्मूला लागू है। मध्य प्रदेश में जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला डिपटी सीएम हैं। दोनों मोहन यादव की अगुवाई वाली सरकार में कार्यरत हैं। इसी प्रकार से छत्तीसगढ़ मेंअरुण साव और विजय शर्मा उपमुख्यमंत्री हैं।
