कैश फॉर जॉब्स घोटाले में बंगाल के मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा की 3 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल में कैश फॉर जॉब्स घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने ऐक्शन लिया है। ईडी ने पश्चिम बंगाल के मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा की करीब 3.6 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। ईडी ने चंद्रनाथ सिन्हा, उनकी पत्नी और बेटे के नाम पर मौजूद करीब 10 संपत्तियों को अटैच किया है, जिसमें घर, फ्लैट, जमीन और एक मार्केट शामिल है।
ईडी ने यह पूरी कार्रवाई कैश फॉर जॉब्स घोटाले के आरोपी कुंतल घोष की एक डायरी सामने आने के बाद की है। इस डायरी में मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा समेत 100 से ज्यादा लोगों के नाम शामिल थे। डायरी में नाम सामने आने के बाद ईडी के अधिकारियों ने मंत्री के बोलपुर स्थित आवास पर छापेमारी की थी। छापेमारी के दौरान अधिकारियों को कई दस्तावेज और करीब 41 लाख रुपये नकद मिले थे।
ईडी का कहना है कि मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा और उनके परिवार वाले जब्त किए गए पैसों के स्रोत के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। मंत्री की पत्नी कुंतला ने बताया कि उनकी आय खेती और कंस्ट्रक्शन के काम से होती है। वहीं, नकद पैसों के बारे में वह कोई जवाब नहीं दे पाई। ईडी ने छह महीने पहले मंत्री के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इस पूरे मामले में मंत्री चंद्रनाथ सिन्हा ने बीते साल 6 सितंबर को कोर्ट में सरेंडर किया था, जिसके बाद उन्हें जमानत मिल गई थी। यह पूरा मामला स्कूल में नौकरी दिलाने के बदले पैसे लेने के एक बड़े घोटाले से जुड़ा है। ईडी इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
