आसनसोल के चित्रा मोड़ पर बीजेपी का प्रदर्शन

करोड़ों के घोटाले को लेकर तृणमूल सरकार के इस्तीफे की मांग

आसनसोल के चित्रा मोड़ पर बीजेपी का प्रदर्शन

आसनसोल: करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले के विरोध में शुक्रवार को आसनसोल के चित्रा मोड़ पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस आंदोलन का नेतृत्व आसनसोल दक्षिण की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क अवरुद्ध कर टायर जलाए और तृणमूल सरकार के इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर और प्लेकार्ड दिखाए।

आरोप है कि आसनसोल तृणमूल कांग्रेस के अल्पसंख्यक सेल के पूर्व नेता शाकिल अहमद के बेटे तहसीन अहमद ने लगभग 3,000 लोगों को ठगकर करीब 400 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। घटना के बाद से तहसीन अहमद फरार है और इस मामले में आसनसोल उत्तर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है।

तृणमूल कांग्रेस की ओर से दावा किया गया है कि शाकिल अहमद अब पार्टी से जुड़े नहीं हैं। हालांकि, भाजपा ने आरोप लगाया है कि तृणमूल सरकार के संरक्षण में ही इस तरह की भ्रष्टाचार की घटनाएं बढ़ रही हैं।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा, “निर्दोष लोगों को करोड़ों रुपये से ठगा गया, फिर भी सरकार मौन है। हम चाहते हैं कि इस घोटाले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सख्त सजा दी जाए।” उन्होंने स्थानीय मंत्री और इस निर्वाचन क्षेत्र के विधायक मोलय घटक पर भी आरोप लगाया कि वे इस मामले से पूरी तरह वाकिफ हैं। पॉल ने पुलिस की कार्यवाही पर सवाल उठाया कि आखिर कैसे आरोपी फरार हो गया और पुलिस क्या कर रही थी। इसके अलावा उन्होंने आसनसोल नगर निगम के मेयर की भी जवाबदेही पर सवाल उठाया।

पॉल ने स्पष्ट किया कि आरोपी को पार्टी से अलग करना समाधान नहीं है। “अभियुक्त को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और गरीब जनता का पैसा वापस किया जाना चाहिए,” उन्होंने कहा।

इस घटना के बाद आसनसोल में राजनीतिक तापमान काफी बढ़ गया है, और भ्रष्टाचार व प्रशासनिक लापरवाही को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News