आसनसोल में दुर्गा प्रतिमा का ‘मुंडू’ चोरी, आरोपी पकड़ा गया
मोहिशिला के कुमार टुली इलाके में मूर्तिकारों के बीच हड़कंप
आसनसोल : मोहिशिला तीन नंबर कॉलोनी के कुमार टुली इलाके में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रसिद्ध मूर्तिकार बापी पाल के कारखाने से नवनिर्मित दुर्गा ठाकुर प्रतिमा का मुंडू (चेहरा) चोरी होने का मामला सामने आया। यह मूर्ति अगले ही दिन डिलीवरी के लिए तैयार थी।
बिहार निवासी पर आरोप
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस चोरी के आरोप में मोहिशिला के ही एक अन्य कारखाने में काम करने वाले बिहार निवासी युवक पर शक जताया गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग सक्रिय हो गए और आरोपी युवक के कार्यस्थल पर पहुंचकर दुर्गा मुंडू को बरामद कर लिया।
पोल से बांधकर पुलिस को सौंपा
गुस्साए लोगों ने युवक को पकड़कर पोल से बांध दिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
मूर्तिकार बापी पाल ने कहा,
“इस बार हमने दुर्गा ठाकुर का चेहरा बहुत सुंदर बनाया था। देशभर के लोगों से तारीफ मिल रही थी। इसे कल डिलीवर करना था। अब यह नुकसान कैसे पूरा होगा, समझ नहीं आ रहा।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी कलाकृति से कुछ लोगों को जलन थी।
हरी रंजन पाल का बयान
उधर, आरोपी युवक जिस हरी रंजन पाल के कारखाने में काम करता था, उन्होंने कहा,
“कल ही वह यहां से पेमेंट लेकर गया था। उसके बाद क्या हुआ, हमें कोई जानकारी नहीं। कोई आदमी आया था और उसे ले गया था। इसके बाद की घटना के बारे में हमें कुछ भी नहीं मालूम।”
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद कुमार टुली इलाके में मूर्तिकारों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि दुर्गा पूजा के पहले इस तरह की चोरी से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।
