मैथन में फ्लावर गार्डन, मिलेनियम पार्क एवं डैम लाइटिंग का उद्घाटन

मैथन में फ्लावर गार्डन, मिलेनियम पार्क  एवं डैम लाइटिंग का उद्घाटन

 

 

 

कल्याणेश्वरी : दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के सदस्य (तकनीकी) एस. पांडा तथा कार्यपालक निदेशक (प्रणाली) दिनेश सिंह का मैथन यॉच क्लब में मैथन कार्यपालक निदेशक (सिविल) एवं परियोजना प्रधान सुमन प्रसाद सिंह द्वारा उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर फ्लावर गार्डन, मिलेनियम पार्क एवं डैम लाइटिंग का विधिवत उद्घाटन तथा निरीक्षण सदस्य (तकनीकी) एस. पांडा एवं कार्यपालक निदेशक (प्रणाली) दिनेश सिंह द्वारा किया गया।

नव-विकसित फ्लावर गार्डन में सेलोशिया, साल्विया, विभिन्न प्रजातियों के गुलाब, सफेद गेंदा, इंका गेंदा, डायन्थस, ज़िनिया, डहेलिया, एस्ट्री, कैलेंडुला, डेज़ी, चंद्रमल्लिका आदि रंग-बिरंगे फूल पर्यावरणीय सौंदर्य को बढ़ाते हैं, वहीं मिलेनियम पार्क को पर्यटकों एवं बच्चों के लिए विशेष रूप से विकसित किया गया है, जिसमें बाघ, शेर, ऊंट, लोमड़ी, हाथी, मोर, सर्प आदि की आकर्षक आकृतियाँ, झूले एवं पुष्प-सज्जा इसे रोमांचक एवं आनंददायक बनाती है। इसके साथ ही डैम लाइटिंग परियोजना के अंतर्गत बांध क्षेत्र को आधुनिक, ऊर्जा-संरक्षण आधारित प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित किया गया है, जो रात्रि में बांध की भव्यता को और अधिक निखारती है। 

 

सदस्य (तकनीकी) एस. पांडा ने इन विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन-उन्मुख प्रयास डीवीसी की आधारभूत संरचनाओं के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं क्षेत्रीय पर्यटन विकास के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं।

 समारोह में मुख्य महाप्रबंधक (प्रणाली) दिलीप कुमार सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (संरक्षा) अनिल कुमार झा, मुख्य महाप्रबंधक (सीटीसी) जयंत दत्ता, वरिष्ठ महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान, पंचेत, संजय कुमार; (वरिष्ठ महाप्रबंधक) प्रबीर चांद, महाप्रबंधक सोनाली प्रसाद, रॉबिन मंडल, धर्मदास त्रिपाठी, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुखमय नायक, सुमन भौमिक, वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) पार्थो सारथी मुखर्जी; डॉ. उमेश कुमार; डॉ. एस. नंदी सहित बड़ी संख्या में डीवीसी के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News