बीजेपी के जीतने पर बंगाल की मिट्टी से जुड़ा व्यक्ति होगा मुख्यमंत्री
जनसभा में अमित शाह ने किया वादा
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी जीती तो उसका मुख्यमंत्री कौन होगा? अमित शाह ने बीरभूम के खैराशोल में एक जनसभा से इस पर बड़ा कमेंट किया। केंद्रीय गृह मंत्री ने आज कहा-अगर बीजेपी जीती तो एक ऐसा मुख्यमंत्री होगा जो बांग्ला बोलता हो और बंगाल में पला-बढ़ा हो।
गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस ने हमेशा बीजेपी को 'बाहरी' पार्टी बताने की कोशिश की है। इस माहौल में बीजेपी अपना बांग्ला प्रेम दिखाने के लिए बेताब है। आज अमित शाह ने कहा-वे बंगाल की संस्कृति की रक्षा नहीं कर सकते। शांतिनिकेतन में रवींद्रनाथ टैगोर का घर तोड़ दिया गया है। मोदीजी ने शांतिनिकेतन को यूनेस्को की मान्यता दी है। मोदीजी ने बांग्ला को क्लासिकल भाषा बनाने का काम किया है।
अमित शाह ने राज्य की मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा-भले ही राज्य की मुख्यमंत्री एक महिला हैं, लेकिन वह बंगाल की माताओं और बहनों की रक्षा नहीं कर सकतीं। वह पूछती हैं कि कोई रात में बाहर क्यों गया। लेकिन अगर हम सत्ता में आए, तो हम ऐसा बंगाल बनाएंगे जहां लड़कियां रात के 1 बजे भी स्कूटी पर बाहर जा सकेंगी। कोई आरजी कर या दुर्गापुर नहीं होगा। लड़कियां हर जगह सुरक्षित रहेंगी।
करप्शन को लेकर तृणमूल पर हमला करते हुए शाह ने कहा-जलजीवन मिशन के करोड़ों रुपये कहां गए? तृणमूल के गुंडे वो पैसा खा गए। 26,000 टीचरों की नौकरियों में करप्शन किसने किया? भर्ती में करप्शन, राशन में करप्शन, मनरेगा में करप्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना में करप्शन, तृणमूल के समय सिर्फ करप्शन हुआ।
शाह ने घुसपैठ और यूसीसी को लेकर भी मुंह खोला। उन्होंने कहा-तृणमूल घुसपैठ नहीं रोक पाएगी। अगर हम सत्ता में आए तो 8 मई के बाद घुसपैठियों को ढूंढकर देश से निकाल देंगे। अगर हम सत्ता में आए तो यूसीसी लाएंगे। जो लोग चार शादियां करते हैं, वो बंद हो जाएगी।
