जगन्नाथ धाम के बाद अब ‘दुर्गा अंगन’
न्यू टाउन में ममता की नई पहल, खर्च 262 करोड़ रुपये
निज संवाददाता : दीघा में जगन्नाथ धाम के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नई परियोजना ‘दुर्गा अंगन’ न्यू टाउन के इको पार्क के पास, रामकृष्ण मिशन की जमीन के बगल में बन रहा है यह मंदिर-परिसर। हिडको ने पहले ही काम शुरू कर दिया है। शुरुआती चरण में ज़मीन ऊँची करने के लिए मिट्टी भरने का काम चल रहा है।
राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद 22 अगस्त को हिडको ने निविदा आमंत्रित की। अनुमानित लागत तय की गई 261 करोड़ 98 लाख 30 हज़ार 304 रुपये। 11 सितंबर था निविदा जमा करने की आख़िरी तारीख़। अनुबंध के अनुसार 24 महीने में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सब कुछ ठीक-ठाक चला तो सितंबर 2027 तक ‘दुर्गा अंगन’ का निर्माण कार्य समाप्त हो जाएगा।
लगभग 12.6 एकड़ ज़मीन पर बनेगा यह अंगन। आसपास एक होटल है, जहाँ अक्सर भाजपा के शीर्ष नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ठहरते हैं। राजनीतिक हलकों के अनुसार, भाजपा के हिंदुत्व-हथियार का मुकाबला करने में ममता की यह पहल महत्वपूर्ण है। इससे पहले दीघा के जगन्नाथ धाम को लेकर भी इसी तरह के विश्लेषण सामने आए थे।
इस बीच हिडको के नेतृत्व में भी बदलाव आया है। फिरहाद हकीम को हटाकर पहले पूर्व मुख्य सचिव हरीकृष्ण द्विवेदी को जिम्मेदारी दी गई थी। पिछले सप्ताह मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य को हिडको का चेयरमैन बनाया गया। साथ ही हिडको को नगर विकास विभाग से हटाकर प्रशासनिक सुधार और कार्मिक विभाग के अधीन लाया गया है, जो मुख्यमंत्री के ही हाथों में है।
विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस पहल का उपहास किया है। उनका कहना है, मुख्यमंत्री संविधान पढ़ें, क्योंकि राज्य की आर्थिक स्थिति ऐसी है कि करोड़ों रुपये खर्च करके नया मंदिर बनाना जनता के साथ धोखा है।
हालाँकि ममता का तर्क अलग है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि इस पहल का उद्देश्य सर्वधर्म समन्वय का दर्शन है। उनका दावा है कि यह राजनीति नहीं, बल्कि संस्कृति और समाज की एकता के लिए है।
कुल मिलाकर, जगन्नाथ धाम के बाद ‘दुर्गा अंगन’ को लेकर फिर चर्चा के केंद्र में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी।
