आरजी कर के लिफ्ट में फंसकर एक व्यक्ति की मौत
निज संवाददाता : आरजी कर मेडिकल कालेज व अस्पताल के लिफ्ट में फंसकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक व्यक्ति का
बेटा आरजी कर अस्पताल में भर्ती था। वह अपनी पत्नी और दूसरे बच्चे के साथ उसे देखने आया था। उसी समय यह घटना हुई। यह हादसा कैसे हुआ, यह अभी साफ नहीं है। हादसे के समय लिफ्ट ऑपरेटर कहां था, यह भी सवाल उठ रहे हैं।
मरने वाले का नाम अरूप बनर्जी है। वह दमदम का रहने वाला है। पता चला है कि उसके एक बेटे का आरजी कर अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ अस्पताल के पांचवें फ्लोर पर ट्रॉमा केयर सेंटर जा रहा था। किसी वजह से लिफ्ट ज़ोरदार झटके के साथ फंस गई। ऊपर जाने के बजाय लिफ्ट नीचे चली गई। यह काफी देर तक चलता रहा। फिर लिफ्ट खोली गई और तीन लोगों को बाहर निकाला गया। तब तक वह आदमी बेहोश हो चुका था। बाद में डॉक्टरों ने बताया कि अरूप की मौत हो गई है। हालांकि, उसकी पत्नी और बच्चा ठीक हैं।
इस घटना की खबर मिलने के बाद टाला पुलिस स्टेशन से बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। सेंट्रल फोर्स के लोग भी अस्पताल कैंपस में जमा हो गए। अभी हालात काबू में हैं। इस घटना में अभी तक उस व्यक्ति के परिवार ने कोई शिकायत नहीं की है। गौरतलब है कि इससे पहले 2024 में आरजी कर अस्पताल में एक युवा लेडी डॉक्टर की मौत से पूरे राज्य में हंगामा मच गया था।
