आसनसोल में विशाल अजगर मिलने से सनसनी
लोगों में दहशत का माहौल
,
आसनसोल : रविवार को आसनसोल पुराना स्टेशन के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब स्थानीय लोगों ने सड़क के किनारे एक विशाल अजगर सांप को रेंगते हुए देखा। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अचानक इतने बड़े सांप को देखकर लोगों में दहशत फैल गई और इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजगर करीब 10 से 12 फीट लंबा था। शुरू में लोगों ने उसे देख कर भगदड़ मचा दी, लेकिन बाद में कुछ साहसी स्थानीय लोगों ने स्थिति को संभाला। उन्होंने तुरंत सांप पकड़ने वाले दल को खबर दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को एक बड़े बोरे में सुरक्षित तरीके से कैद किया गया।
इसके बाद वन विभाग (फॉरेस्ट डिपार्टमेंट) की टीम को सूचित किया गया। विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर अजगर को अपने कब्जे में लिया और उसे जंगल में छोड़ने की तैयारी की।
स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली और फॉरेस्ट टीम का धन्यवाद किया। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया कि शहर के बीचोंबीच इतनी बड़ी अजगर प्रजाति का सांप आखिर कहां से आ गया। कुछ लोगों का अनुमान है कि बारिश और ठंड के मौसम में जंगल या नदी किनारों से सांप शहर की तरफ निकल आते हैं।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जंगली जानवर या सांप को देखकर डरें नहीं, बल्कि तुरंत विभाग या पुलिस को सूचना दें ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके।p
