बाराबनी की खुली खदान में जान की कोई कीमत नहीं ।

धसान और काला कारोबार

बाराबनी की खुली खदान में जान की कोई कीमत नहीं ।

 

आसनसोल -जिंदगी के बदले काले कोयले का अंधेरा पश्चिम बर्धमान में यह दृश्य कोई नया नहीं, फिर भी हर बार दिल दहला देता है। सूत्रों की ख़बर शुक्रवार की रात बाराबनी थाना क्षेत्र के चरनपुर ओपन खदान में धसने से 18 वर्षीय युवक सौरभ गोस्वामी की मौत हो गई। वहीं उसके पिता निमाई गोस्वामी अब तक लापता हैं। दामोनी बाजार के इस श्रमिक परिवार का रोना आज पूरे इलाके को झकझोर रहा है।

 

शनिवार सुबह पुलिस ने मृत शरीर को बरामद कर आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। लापता निमाई बाबू की तलाश अब भी जारी है। स्थानीय लोगों की आंखों में डर, असुरक्षा और कोयला माफियाओं द्वारा गरीबी का इस्तमाल दिखाई दे रहा है। यह मौत सिर्फ एक युवक की नहीं, बल्कि पूरे समाज की विफलता का प्रतीक है।

IMG-20251108-WA0003

चरनपुर की यह खुली खदान लंबे समय से अवैध रूप से सक्रिय थी। आरोप लग रहे है कि सरकारी प्रतिबंध के बावजूद रात के अंधेरे में कोयले की खुदाई का काम चलता था। सवाल उठ रहे हैं — इतने बड़े क्षेत्र में यह अवैध खनन होता रहा और सीआईएसएफ की नजर में क्यों नहीं आया? जिन पर कोयला संपदा की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उनके सामने ही आम लोग खदान में उतरते हैं — कोई मजबूरी में, कोई लालच में, तो कोई रोटी की तलाश में।

 

चरनपुर, सालानपुर, रानीगंज, बाराबनी — पूरा कोयला क्षेत्र आज मौत की खदान में तब्दील हो चुका है। हर दिन कोई न कोई उस अंधेरे में उतरता है, जहां न सुरक्षा है, न रोशनी। यहां जिंदगी सस्ती है और कोयला ही मुद्रा बन चुका है।

 

लेकिन क्यों? जवाब साफ है — जहां रोजगार का कोई विकल्प नहीं, छोटे उद्योग बंद हैं, युवाओं के हाथों में काम की जगह बेरोजगारी की पहचान है, वहां कोयले की काली धूल ही उम्मीद है। वही उम्मीद अब मौत का जाल बन गई है।

 

सीआईएसएफ की भूमिका को लेकर क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोग पूछ रहे हैं — “रात में जब ट्रकों से कोयला जाता है, तब पहरेदारों की आंखें बंद क्यों रहती हैं?” कोई कह रहा था — “जो लोग खदान में उतरते हैं, वे अपराधी नहीं, सिर्फ जीने की कोशिश कर रहे हैं।”

सौरभ की मां अस्पताल में बस यही कहती रही — “मेरा बेटा चोर नहीं था, वो तो बस थोड़ा रोजगार ढूंढने गया था — क्या वो गलती थी?”

इस सवाल का जवाब आज तक किसी के पास नहीं है।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News