गिरीश पार्क में ट्रेनी पायलट का शव घर में लटका मिला

गिरीश पार्क में ट्रेनी पायलट का शव घर में लटका मिला

 

निज संवाददाता : कोलकाता के गिरीश पार्क में एक 21 वर्षीय ट्रेनी पायलट का शव घर में लटका हुआ मिला है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और हाल ही में वह दक्षिण अफ्रीका से अपना एविएशन कोर्स पूरा करके लौटा था। इस दिन परिवार में खुशियां मनाई जा रही थीं, तभी बेटा सौम्यदित्य कुंडू अचानक घर से गायब हो गया। परिवार ने उसे पूरे शहर में ढूंढ़ा। घंटों की तलाश की बाद, पुलिस ने गिरीश पार्क में उसके एक चाचा के खाली पड़े घर से उसका शव बरामद किया। पुलिस को उसके कमरे से एक टैबलेट मिला, जिसमें बड़े अक्षरों में ‘लोस्ट’ लिखा था।

बीते बुधवार रात करीब 9:40 बजे गिरीश पार्क पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि गिरीश पार्क मेट्रो स्टेशन के पास एक युवक का शव लटका हुआ मिला है। ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी और उनकी टीम ने मधु रॉय लेन निवासी सौम्यदित्य कुंडू को सीआर एवेन्यू पर स्थित एक इमारत की दूसरी मंजिल पर लटका हुआ पाया। शव को मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, जहां रात 11:21 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया।

ज्वाइंट सीपी रूपेश कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि मृतक किसी लड़की के साथ रिलेशनसशिप में था और उनके बीच कुछ समस्या चल रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक किसी भी तरह की गड़बड़ी का पता नहीं चला है और न ही किसी तरफ से कोई शिकायत मिली है। उन्होंने बताया कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम के बाद ही साफ हो पाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News