2 करोड़ में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ दुनिया भर में कर चुकी है 400 करोड़ का कलेक्शन
बनेगा सीक्वल?
निज संवाददाता : छोटे बजट की भक्ति ड्रामा फिल्म ‘हनुमान अंश’ का ऐतिहासिक तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। महज 2 करोड़ से भी कम के बजट में बनी यह फिल्म थिएटर्स में 55 दिनों से शानदार कमाई कर रही है। अब तक दुनिया भर में 400 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है। बिना किसी बड़े स्टारकास्ट या भारी-भरकम प्रमोशन के रिलीज हुई इस फिल्म को ‘वर्ड ऑफ माउथ’ का जबरदस्त फायदा मिला है। यूं तो फिल्म के सीक्वल का काम भी शुरू हो चुका है, जिसे लेकर काफी चर्चा है। लेकिन अब प्रोड्यूसर ने बता दिया है कि पार्ट 2 को ज्यादा बजट से नहीं बनाया जाएगा।
बता दें कि नीम करोली बाबा की जिंदगी पर बेस्ड इस फिल्म की शुरुआत सिनेमाघरों में बेहद धीमी रही थी। पहले हफ्ते में महज 1.08 करोड़ कमाए थे। जबकि, इस फिल्म ने तीसरे हफ्ते से ऐसी रफ्तार पकड़ी कि बड़े-बड़े ट्रेड एनालिस्ट्स हैरान रह गए। हाल ही में फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने सीक्वल को लेकर बड़ी जानकारी दी। उनसे सवाल पूछा गया था कि क्या पहली फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद क्या सीक्वल का बजट बढ़ेगा?

दरअसल अनुप्रिया नागर ने ‘हनुमान अंश 2’ के बजट को लेकर सारा कन्फ्यूजन दूर कर दिया है। उन्होंने कहा-मेरी सोच एकदम साफ है। मेरा मानना है कि दूसरी फिल्म का बजट भी पहली फिल्म जैसा ही होना चाहिए। सिर्फ 10 या 20 करोड़ ज्यादा लगाने से फिल्म बेहतर नहीं हो जाएगी। इससे वीएफएक्स या एआई का फालतू इस्तेमाल हो सकता है। जिसकी कहानी को शायद जरूरत न हो। और इससे फिल्म की असलियत पर असर पड़ सकता है।
इस दौरान उन्होंने बताया कि फिल्म का बजट बढ़ाने से ज्यादा जरूरी है उस दुनिया की असलियत बनाए रखना। हम जिस दौर को दिखा रहे हैं, उसमें सिर्फ किरदार ही अहम नहीं हैं। उस समय का नजारा, विजुअल टेक्सचर, माहौल और दुनिया भी उतनी ही जरूरी है। इसीलिए असलियत बनाए रखना हमारी प्रायोरिटी है। वहीं, दर्शकों ने हमें बहुत प्यार और सपोर्ट दिया है। इसलिए हम पैसे बर्बाद नहीं कर सकते। और हां, अगर अगली कहानी के लिए सच में ज्यादा बजट की जरूरत हुई, तो हम उसे बढ़ा देंगे।
इस बीच, हाल ही में फिल्म के सीक्वल में अक्षय कुमार की एंट्री की खबरें आई थीं। लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही उन खबरों को भी खारिज कर दिया गया है। खुद प्रोड्यूसर ने ही बताया था कि वो पिक्चर का हिस्सा नहीं हैं।
