चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या

सीसीटीवी फुटेज ने उजागर किया खौफनाक मंजर

चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या

कैनिंग थाना क्षेत्र के तलड़ी राजापुर गाँव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घटी।

निज संवाददाता : कैनिंग थाना क्षेत्र के तलड़ी राजापुर गाँव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। चोरी के शक में भीड़ ने एक युवक को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान जिबनतला थाना क्षेत्र के घुटियारी शरीफ निवासी शेख जमीर उद्दीन (28) के रूप में हुई है।

सुबह लगभग 7 बजे स्थानीय लोगों ने युवक का खून से लथपथ शव देखा और तुरंत कैनिंग थाने की पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भीड़ ने युवक को पहले बाँधकर बुरी तरह पीटा और बाद में उसका शव घसीटा गया। यह पूरा दृश्य पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।

फुटेज में साफ दिखाई देता है कि कुछ लोग मृतक के पैर में रस्सी बाँधकर उसे खींचते हुए ले जा रहे हैं। आरोप है कि उससे पहले उसे खंभे से बाँधकर बांस और डंडों से मारा गया था।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “सुबह उठकर देखा तो युवक खून से लथपथ पड़ा था। सुना था कि उसने चोरी की थी, लेकिन कहाँ और क्या चोरी हुई, यह स्पष्ट नहीं है। ऐसी घटना पहले कभी नहीं हुई, अब डर लग रहा है।”

पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ जारी है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की माँग की है

Tags:

About The Author

Advertisement

Latest News