नदिया जिले में घटी दिल दहला देने वाली घटना
व्यक्ति ने बहू और समधन की कुल्हाड़ी से कर दी हत्या
निज संवाददाता : पश्चिम बंगाल में नदिया जिले के राणाघाट थाने के हबीबपुर आशुतोषपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 70 साल के अनंत विश्वास नामक व्यक्ति ने अपनी बहू और बहू की मां (समधन) पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। यह घटना इतनी भयावह थी कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी वृद्ध को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना बीते सोमवार सुबह लगभग 4 बजे हुई। अनंत विश्वास चुपचाप घर में घुसा और कुल्हाड़ी से सो रही अपनी बहू शिल्पा विश्वास मंडल (27) और सास स्वप्ना मंडल (50) पर अंधाधुंध वार कर दिया। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शिल्पा विश्वास मंडल का पति यानी आरोपी का बेटा उस समय फूल बेचने गया हुआ था और घर का दरवाजा खुला था। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पता चला है कि घटना से तीन दिन पहले ही अनंत विश्वास की पत्नी की मौत हो गई थी। इस कारण शिल्पा की मां स्वप्ना मंडल अपनी बेटी के घर आई थीं। परिजनों और पुलिस का मानना है कि घर में कुछ दिनों से तनाव था और इसी पारिवारिक कलह के कारण आरोपी ने इतना बड़ा कदम उठाया हो सकता है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की खबर फैलते ही गांव में दहशत फैल गई। लोग घरों से बाहर निकल आए और पुलिस को सूचना दी। राणाघाट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि यह अपराध पारिवारिक विवाद का नतीजा है। आरोपी अनंत विश्वास को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
